इराक़ ने फ़िलिस्तीन के इस्राईल द्वारा अतिग्रहण का सैद्धांतिक दृष्टि से विरोध किया है। इसी तरह बग़दाद ने इस्राईली शासन के साथ संबंध क़ायम करने से इंकार किया है।
शनिवार को इराक़ी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद अस्सहफ़ ने कहाः "फ़िलिस्तीनी मुद्दे पर इराक़ की स्थिति पर उसी तरह बल देते हैं जिस तरह अरब भूमि पर इस्राईल के अतिग्रहण को हम सैद्धांतिक दृष्टि से रद्द करते हैं।"
इस बयान में आगे आया है कि इराक़ इस वजूद के साथ किसी भी तरह के संबंध सामान्य बनाने को रद्द करता है और सैद्धांतिक दृष्टि से इस शासन के बहिष्कार के प्रति कटिबद्ध है।
इराक़ी विदेश मंत्रालय की ओर से यह स्पष्टीकरण अमरीका में इराक़ी राजदूत फ़रीद यासीन के हवाले से मीडिया में आयी उन रिपोर्टों की प्रतिक्रिया में सामने आया है जिनमें बग़दाद-तेल अविव के बीच संबंध की संभावना की ओर इशारा किया गया था।
ये रिपोर्टें, इस हफ़्ते के शुरु में सोशल मीडिया पर जारी हुई उस वीडियो क्लिप के बाद सामने आयी हैं, जिसमें इराक़ी राजदूत अलइराक़िया टीवी चैनल से बात करते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो क्लिप में इराक़ी राजदूत ने कहाः "इस बात के परोक्ष कारक हैं जो इराक़-इस्राईल के बीच संबंध क़ायम होने की मांग करते हैं जैसे इस्राईल में इराक़ी समुदाय की ठीक ठाक स्तर की मौजूदगी है।" हालांकि इराक़ी राजदूत ने यह भी कहा कि परोक्ष कारक इस्राईली शासन के साथ संबंध क़ायम करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं क्योंकि इसके पीछे नैतिक व क़ानूनी तर्क जुड़ा है जिसके प्रति इराक़ी समुदाय कटिबद्ध है।